राजनांदगांव। बीती रात जिले में एक दर्दनाक घटना में सीएएफ के जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। खैरागढ़ ब्लॉक मुख्यालय के नक्सल क्षेत्र ग्राम घाघरा बेस केंप में तैनात इस जवान ने अपनी ही बंदूक से खुद को गोली मार ली। मृतक जवान का नाम अब्दुल शाहिद खान बताया जा रहा है। जवान देर रात ड्यूटी के दौरान वह अपने कमरे में पहुंचा और खुद को गोली मार ली।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जवान का नाम अब्दुल शाहिद खान है, जो कि खैरागढ़ ब्लॉक मुख्यालय के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम घाघरा के बेस कैंप में सीएफ के 21 बटालियन कंपनी में तैनात था। जवान मूलत: झांसी का रहने वाला था। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि जवान बहुत ही होनहार था और कैंप में किसी भी तरह का किसी भी अन्य जवानों से कोई भी मनमुटाव या विवाद की स्थिति नहीं थी। जवान अपने ही रूम पर गया और अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर आस पास मौजूद अन्य जवान अब्दुल शाहिद खान के कमरे तक पहुंचे तो देखा कि उसने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि मृतक जवान शुगर का मरीज था जिसकी वजह से किडनी व लीवर खराब हो चुका था। हाल ही में हाई शुगर की वजह से अस्पताल मे भर्ती भी हुआ था।