नई दिल्ली (एजेंसी)। अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी क्वालकॉम के साथ मिलकर रिलायंस जियो ने अमेरिका में अपनी 5G टेक्नोलॉजी का सफल परीक्षण किया। अमेरिका के सैन डिएगो में हुए एक वर्चुअल इवेंट में रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट मैथ्यू ओमान ने कहा कि क्वालकॉम और रिलायंस की सब्सिडरी रेडिसिस के साथ मिलकर 5जी तकनीक पर काम कर रहे हैं। इसे जल्द भारत में लॉन्च किया जाएगा।
दोनों कंपनियां मिलकर भारत में होमग्रोन टेक्नोलॉजी बेस्ड 5G मोबाइल इंटरनेट को तेजी से उपलब्ध कराएंगी। इससे यूजर्स को सुपरफास्ट 1 Gbps की स्पीड उपलब्ध हो पाएगी। मुकेश अंबानी ने कुछ महीने पहले कहा था कि 5जी स्पेक्ट्रम उपलब्ध होते ही रिलायंस जियो 5जी तकनीक की टेस्टिंग के लिए तैयार है। 5जी तकनीक की सफल टेस्टिंग के बाद इस तकनीक के निर्यात पर रिलायंस जोर देगा। भारत में अभी तक 5जी तकनीक की टेस्टिंग के लिए स्पेक्ट्रम उपलब्ध नहीं हो पाया है। लेकिन अमेरिका में रिलायंस जियो की 5जी तकनीक का सफल परीक्षण कर लिया है।