धमतरी। पुलिस मुखबिरी के शक में जिले के करही गांव की सरपंच के पति की नक्सलियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। सरपंच पति का शव मंगलवार को घर से करीब 5 किमी दूर जंगल में मिला। मौके पर नक्सलियों ने एक पर्चा भी छोड़ा जिसमें पुलिस की मुखबिरी व ग्रामीणों से बेजा वसूली की बात लिखी हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर जवान पहुंचे। यह घटना खल्लारी थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक करही गांव की सरपंच के पति निरेश कुंजाम (26) को नक्सली सोमवार देर रात घर से अगवा कर ले गए थे। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं था। सुबह ग्रामीण जंगल की ओर गए तो वहां शव पड़ा मिला। नक्सलियों ने धारदार हथियार से निरेश का गला रेतकर हत्या का दी थी। वहीं पेड़ पर नक्सलियों का लगाया एक पर्चा भी मिला है। पर्चे में सरपंच पति की हत्या की जिम्मेदारी सीतानदी एरिया कमेटी ने ली है। इसमें नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि सरपंच पति निरेश कुंजाम पुलिस के साथ मुखबिरी का नेटवर्क खड़ा कर रहा था। साथ ही ग्रामीणों से पैसे की वसूली में लगा था। फिलहाल खल्लारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।