भिलाई। छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उप चुनाव में जीत के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस एक बेहतर नीति के साथ चुनाव का संचालन कर रहा है। प्रदेश के आला नेताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र में धुआंधार प्रचार प्रसार किया जा रहा है। एक क्षेत्र विशेष में सीमित न रहकर कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र को अलग अलग सेक्टरों में बांटकर यहां प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इसी कड़ी में मरवाही सेक्टर के लिए प्रदेश कांग्रेस के महासचिव जितेन्द्र साहू को प्रभारी बनाया गया।
बता दें कि मरवाही विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से डॉ केके ध्रुव मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने यहां से डॉ गंभीर सिंह को टिकट दिया है। जोगी परिवार की परंपरागत सीट कहे जाने वाले इस सीट पर अमित जोगी व उसकी पत्नी ऋचा जोगी की चुनौती पहले ही खत्म हो गई है, क्योंकि चुनाव आयोग ने इनका नामांकन रद्द कर दिया है। यहां से सीधा मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी इस सीट को अपने नाम कर विधानसभा में अपने सदस्यों की संख्या और बढ़ाना चाह रही है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश कांग्रेस ने यहां अलग अलग 13 सेक्टर प्रभारियों की घोषणा की है। जिनमें से महत्वपूर्ण सेक्टर मरवाही से प्रदेश कांग्रेस महासचिव जितेन्द्र साहू को प्रभारी बनाया गया। प्रभारी बनने से पूर्व जितेन्द्र साहू कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केके ध्रुव की नामांकन रैली में शामिल हुए थे।
मरवाही में इस बार तय होगी कांग्रेस की जीत
मरवाही सेक्टर का प्रभारी बनाए जाने के बाद जितेन्द्र साहू ने कहा है कि इस बार मरवाही सीट पर कांग्रेस की बड़ी जीत तय होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा अब तक किए गए जनहित कार्यों के कारण जनता का रुझान कांग्रेस की ओर है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ केके ध्रुव की छवि मिलनसार व जनता की सेवा के प्रति समर्पित व्यक्ति के तौर पर है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में इनके लिए सकारात्मक माहौल है जो कांग्रेस की बड़ी जीत तय करेगी।