नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना टीकाकरण के पांचवें दिन बुधवार को देश के 20 राज्यों में टीका सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान 1,12,007 लोगों ने टीका की डोज ली है। इसी के साथ ही 16 जनवरी से शुरू हुए कोरोना टीकाकरण में अब तक करीब आठ लाख लोगों को टीका लग चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. मनोहर अदनानी ने बताया अब तक देश में 14,199 सत्र हो चुके हैं जिसके तहत 7,86,842 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इससे पहले बीते मंगलवार तक देश में 6,74,835 लोगों को टीका लगाया गया था।
आंकड़ों के अनुसार आंध्र प्रदेश में 22,548, बिहार 38, छत्तीसगढ़ 5,219, हरियाणा 1,192, हिमाचल प्रदेश 45, झारखंड 2,779, कर्नाटक 36,211, केरल 262, लद्दाख 108, मध्यप्रदेश 6731, महाराष्ट्र 16,261, मणिपुर 334, मेघालय 311, मिजोरम 417, नागालैंड 447, ओडिशा 7,891, पंजाब 2,003, सिक्किम 80, तमिलनाडु 6,834 और पश्चिम बंगाल में 2,296 लोगों को टीका दिया गया। जबकि बाकी राज्यों में बुधवार को टीकाकरण नहीं किया गया। मंत्रालय के अनुसार हर राज्य में टीकाकरण अलग अलग दिनों में किया जा रहा है।
टीका लगने के बाद 10 हुए भर्ती, सात डिस्चार्ज
टीका लगने के बाद देश के छह राज्यों में 10 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें सबसे ज्यादा दिल्ली में चार मरीजों को भर्ती कराने की नौबत आई है। हालांकि 10 में से अब तक सात लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। अभी फिलहाल तीन मरीज अलग-अलग राज्यों में उपचाराधीन हैं। टीका लगने के बाद देश में अब तक चार लोगों की मौत हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इनमें से एक भी मौत टीका लगने की वजह से नहीं हुई है। सभी मौतों की वजह अलग अलग है।