नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज कैबिनेट बैठक के बाद डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा एलान किया है कि दिल्ली का अपना शिक्षा बोर्ड होगा। इसके लिए कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की स्थापना होगी और दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे क्रांतिकारी परिवर्तन को यह बोर्ड नई ऊंचाइयों की तरफ लेकर जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा बोर्ड का एलान करते हुए कहा कि आज जो मैं एलान करने जा रहा हूं उससे न सिर्फ दिल्ली बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर भी बहुत गहरा असर पडऩे जा रहा है। आज दिल्ली कैबिनेट ने दिल्ली के शिक्षा बोर्ड के गठन को मंजूरी दे दी है। दिल्ली में अब अलग से एक स्कूल बोर्ड ऑफ एजुकेशन बनाया जाएगा। ये कोई मामूली शिक्षा बोर्ड नहीं है, जैसा अन्य राज्यों में होता है। ऐसा नहीं है कि हमारी सरकार है इसलिए हमने अलग बोर्ड बना लिया।
केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि बीते छह सालों में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। इसके लिए हमने हर वर्ष बजट का 25 प्रतिशत शिक्षा के लिए रखना शुरू किया। केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन का मकसद स्टूडेंट्स को अच्छा इंसान बनाना, देशभक्त बनाना और स्टूडेंट्स को रोजगार के लिए तैयार करना है। वह बोले कि अब रटने पर नहीं बल्कि सीखने पर जोर होगा।