बीजापुर। प्रदेश में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए दिन दिल दहलादेने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। बीती रात भी ऐसी ही एक घटना में नक्सलियों ने सहायक आरक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी। नक्सलियों ने सहायक आरक्षक पर तीर और टंगिये से हमला किया। जवान मेडिकल लीव पर अपने घर आया हुआ था। वहीं बीच बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी नक्सलियों ने हमला किया जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं घटना सूचना मिलने के बाद आज सुबह मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना बिजापुर के जांगला थाना क्षेत्र की है। जांगला के मतवाड़ा निवासी सोमारू पोयाम फरेसगढ़ थाने में सहायक आरक्षक के पद पर कार्यरत था। वह कुछ दिन पहले ही मेडिकल लीव पर अपने घर आया था। इसकी सूचना मिलने पर बुधवार देर रात को बड़ी संख्या में नक्सली बंदूक, तीर-धनुष व अन्य हथियार लेकर वहां पहुंच गए। नक्सलियों ने पहले जवान को घर से बाहर बुलाया और उस तीरों और टंगिया से हमला कर दिया। इस दौरान जवान के माता-पिता बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे तो उनके ऊपर भी तीरों से हमला किया। जवान के शरीर में 6 तीर लगे हैं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जवान के पिता को भी एक तीर लगा है। माता-पिता दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीजापुर एसपी कमलोचन कश्यप ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सहायक आरक्षक को 6 तीर लगे। वहीं पीछे से उस पर टंगिए से भी वार किया गया।