रायबरेली (एजेेंसी)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बड़ा हादसा हुआ है। रोडवेज बस में भीषण आग लग गई है। आग लगने की घटना में 12 से ज्यादा लोगों के झुलसने की खबर है। झुलसे हुए यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हरचंदपुर थाना इलाके में आलमबाग डिपो की एक रोडवेज बस में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
बस में फंसे हुए कई लोगों को बाहर निकाला गया है। बस में कोई और है या नहीं पुलिस तलाश में जुटी है। हादसे में 12 से ज्यादा लोगों के झुलसने की खबर है। 9 लोग जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
एक की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। बस में 60 से ज्यादा लोग सवार बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।