सरगुजा। जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। सरगुजा पुलिस ने एक करोड़ 10 लाख रुपए का ब्राउन शुगर और हेरोइन पकड़ा है। पुलिस ने जानकारी दी है कि सरगुजा का ही एक पैडलर झारखंड और बिलासपुर के लोगों के साथ मिलकर ड्रग्स की खरीद-बिक्री करता है। यह पूरी कार्रवाई सरगुजा के गांधीनगर पुलिस ने की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि रसेल नाम का व्यक्ति झारखंड और बिहार के लोगों के साथ मिलकर हेरोइन और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता है। पुलिस को जानकारी मिली कि झारखंड से कुछ लोग ड्रग्स लेकर सरगुजा आने वाले हैं। रसेल उनका इंतजार कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रसेल, गीता और मृत्युंजय को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी गीता सोनी (48) से 500 ग्राम ब्राउन शुगर और 110 ग्राम हेरोइन जबकि दूसरे आरोपी मृत्युंजय गुप्ता (52) से 105 ग्राम ब्राउन शुगर और रसेल एक्का (23) से 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है।पुलिस ने कुल 625 ग्राम ब्राउन शुगर और 110 ग्राम हेरोइन जब्त किया है। आरोपियों में गीता सोनी बिहार के सासाराम, मृत्युंजय झारखंड के गढ़वा और रसेल एक्का अंबिकापुर नमनाकला का रहने वाला है। मामले में फिलहाल पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।