नई दिल्ली(एजेंसी)। दूसरी लहर का पीक निकलने के तीन महीने बाद भी हालात सामान्य नहीं हो रहे हैं। एक तरफ केरल में संक्रमण बेकाबू हो चुका है। वहीं, दूसरी ओर इसका असर राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। स्थिति यह है कि बीते दो दिन में नए मामलों में 20 हजार से भी ज्यादा का उछाल देखने को मिला है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार गुरुवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 46,164 नए मामले आए हैं जबकि 607 लोगों की मौत हो गई। वहीं 34,159 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 3,33,725 है। वहीं देश में कुल मृतकों की संख्या की बात करें तो यह 4,36,365 हो गई है और अब तक कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3,17,88,440 हो गई है।
एक दिन पहले मिले थे 37,593 नए मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 37,593 नए मामले आए थे जबकि 648 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 34,169 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए थे। बुधवार को देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 3,22,327 थी।
केरल में बेकाबू हुई कोरोना की रफ्तार
केरल में गुरुवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 31445 नए मामले सामने आए हैं। जिससे राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 38,83,429 हो गई। जबकि 215 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 19,972 पर पहुंच गई।