रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। गंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क पर टहल रहे युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। राजधानी में बीते तीन दिनों में चाकू मारकर 3 लोगों की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 12 बजे गंज थाना इलाके में एक युवक पर कुछ लड़कों ने हमला कर दिया। हमलावर पहले तो युवक को पीटते रहे, इसके बाद चाकू मारकर जान ले ली। जब तक पुलिस पहुंची तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान देवा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मृतक देवा के खिलाफ गंज थाने में चाकूबाजी का केस दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण इस यह वारदात हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।