नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना संकट से निपटने में भारत को बड़ी राहत मिली है। बीते साल मार्च के बाद पहली बार देश में कोरोना के एक्टिव केस एक फीसदी से कम हो गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 25,467 नए केस ही मिले हैं। वहीं 39,486 लोग रिकवर हुए हैं। इस तरह से एक ही दिन में एक्टिव केसों की संख्या में 14 हजार के करीब गिरावट आई है। अब तक देश में कुल 3,17,20,112 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इस बीच देशभर से 354 लोगों की मौत हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कुल 3 करोड़ 24 लाख 74 हजार 773 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 3 करोड़ 17 लाख 20 हजार 112 लोग इस जानलेवा बीमारी को मात दे चुके हैं। देश में कोरोना से अब तक 4 लाख 35 हजार 110 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 3 लाख 19 हजार 551 है। कोरोना का रिकवरी रेट भी तेजी से बढ़ते हुए अब 97.68 फीसदी हो गया है। वीकली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो वह भी 1.90 पर्सेंट हो गया है। पिछले दो महीनों से यह 3 फीसदी से कम बना हुआ है। इसके अलावा डेली पॉजिटिविटी रेट भी 29 दिनों से लगातार तीन फीसदी से कम है।
टीकाकरण की तेज रफ्तार और नए केसों में कमी के चलते स्थिति में काफी सुधार आया है। अब तक देश में 58.82 करोड़ कोरोना टीके लग चुके हैं। इसके अलावा अकेले सोमवार को ही देश भर में 56 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। सोमवार को कुल 39,62,091 लोगों को कोरोना टीके की पहली डोज लगी, जबकि 16,48,025 लोगों को दूसरा टीका लगा। आने वाले दिनों में टीकाकरण की रफ्तार में और इजाफा होने वाला है। ऐसे में संभव है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार में और कमी देखने को मिल सकती है।