मुंबई (एजेंसी)। महाविकास अघाड़ी सरकार में जारी खींचतान और विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गठबंधन की सरकार में साथ होने के बावजूद महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव कांग्रेस अकेले लड़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बयान देकर सभी को चौंका दिया। नाना पटोले ने बुधवार को कहा कि इसके लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य में पार्टी के भविष्य के लिए एक ‘मास्टर प्लानÓ प्रस्तावित किया है। उन्होंने कहा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के तहत गठबंधन की सरकार में होने के बावजूद कांग्रेस अकेले ही स्थानीय चुनाव लड़ेगी। बता दें कि पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए नाना पटोले ने कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी एचके पाटिल के साथ मंगलवार को राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी।
राहुल गांधी के मास्टर प्लान पर शुरू होगा काम- पटोले
नाना पटोले ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि कांग्रेस महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी। महाराष्ट्र कांग्रेस को नंबर एक पार्टी बनाना है। राहुल गांधी ने एक मास्टर प्लान दिया है, जिस पर काम शुरू होने वाला है। हम कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कुछ भी करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में पार्टी नेताओं से संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव साथ लडऩे की बात टाल गए पटोले
जब पटोले से पूछा गया कि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी या अकेले लड़ेगी। इसपर नाना पटोले ने कहा कि चुनाव तीन साल बाद है। इस पर पार्टी आलाकमान निर्णय लेंगे।
कांग्रेस का उद्धव सरकार पर फोन टैप कराने का आरोप
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी गठबंधन में रहते हुए महाविकास अघाड़ी सरकार पर कई सवाल उठा चुकी हैं। पिछले दिनों नाना पटोले ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र सरकार उनका फोन टैप कर रही है और ‘कुछ लोगÓ कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस के इस आरोप को शिवसेना और राकंपा ने निराधार बताया था।
गठबंधन सरकार में दरार
दरअसल, सियासी गलियारों में अटकलें हैं कि महा विकास अघाड़ी सरकार में कांग्रेस कुछ मुद्दों को लेकर नाराज चल रही है। सूत्रों की मानें तो आने वाले समय में गठबंधन सरकार में दरार आ सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, एचके पाटिल और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने पिछले हफ्ते सिल्वर ओक में शरद पवार से उनके आवास पर मुलाकात की और आश्वासन दिया कि गठबंधन सरकार स्थिर है।