नई दिल्ली (एजेंसी)। बिहार में लेट अपडेट के कारण देश में कोरोना से मरने वाले लोगों के दैनिक आंकड़ों में रिकार्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना के चलते 6148 लोगों की मौत दर्ज की गई है। मौत के आंकड़ों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के पीछे की वजह है- बिहार में बीते दिन कोरोना से हुई मौतों के आंकड़ों का अपडेट किया जाना। राज्य में 7 जून तक मौत का कुल आंकड़ा 5,458 बताया जा रहा था, जो अब बढ़कर 9,429 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते दिन मौत के आंकड़ों में 3,951 मौतें जोड़ी गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना के 94,052 नए केस मिले हैं। इसके अलावा 1,51,367 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। इस तरह से देखें तो नए केस के मुकाबले रिकवरी रेट डेढ़ गुना है। पिछले 24 घंटों में ही एक्टिव केसों की संख्या में 63,463 की कमी आई है। फिल्हाल देश में 11 लाख 67 हजार 952 एक्टिव केस हैं। अब तक देश में कोरोना से 2,76,55,493 लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं देश में अब तक 2 करोड़ 91 लाख 83 हजार 121 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। ओवरआल मौतों की बात करें तो देश में अब तक 3 लाख 59 हजार 676 लोगों की मौत हो चुकी है।