मुंबई (एजेंसी)। आर्थिक राजधानी में मुंबई में बुधवार सुबह ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दस्तक दे दी। इसके चलते तड़के 4 बजे से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के डेटा के मुताबिक सांताक्रूज में सुबह 8 बजे तक 59.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा कोलाबा में यह 77 मिलीमीटर दर्ज की गई है। अब तक जून महीने में मुंबई में कुल मिलाकर 185 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मुंबई के ज्यादातर इलाकों में 40 से 70 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। वहीं नवी मुंबई में बीते एक दिन में 120 मिमी बारिश हुई है। इस बारिश के चलते मुंबई में लोकल ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा है। सुबह 9:50 बजे से बारिश के चलते छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से कुर्ला के बीच लोकल ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है।
#WATCH | Maharashtra: Severe waterlogging at Kings Circle in Mumbai, due to heavy rainfall. #Monsoon has arrived in Mumbai today. pic.twitter.com/PI2ySwhBCR
— ANI (@ANI) June 9, 2021
यही नहीं मुंबई शहर की ज्यादातर सड़कों पर पानी भी भर गया है। इसके चलते करीब 30 लोकेशंस पर बसों के रूट को डायवर्ट करना पड़ा है। मुंबई के मुंब्रा, कोपर खैराने, मोहाने, पनवेल, मलवानी वर्सोवा समेत कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई है। बता दें कि मुंबई में यह मॉनसून दो दिन पहले ही आ गया है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा, ‘आमतौर पर हर साल के मुकाबले दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दो दिन पहले ही आ गया है। अगले तीन से 4 दिनों तक मुंबई में अच्छी खासी बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान शहर में कुल 300 से 350 मिमी बारिश हो सकती है।
हालांकि कुछ अन्य जानकारों का कहना है कि मुंबई में इससे कहीं ज्यादा बारिश हो सकती है। पुणे स्थित मौसम विज्ञान विभाग की शाखा के सीनियर वैज्ञानिक केएस होसालिकर ने कहा, ‘मुंबई और उसके पास आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई के ऊपर बड़े पैमाने पर बादल दिख रहे हैं। सभी पश्चिमी तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।Ó अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को दोपहर 3 बजे तक मुंबई में भारी बारिश जारी रह सकती है। हालांकि इसके बाद भी शाम तक बारिश जारी रहेगी, लेकिन उसकी रफ्तार कुछ कम हो सकती है।