दुर्ग। नगर निगम क्षेत्र के पेयजल संकट वाले 7 वार्डों में लोगों को बड़ी सौगात मिली है। विधायक अरुण वोरा द्वारा लगातार मॉनिटरिंग करने एवं अधिकारियों व ठेका एजेंसी पर दबाव बनाए रखने के बाद हनुमान नगर, गिरधारी नगर व सिकोला बस्ती में निर्मित 36 लाख लीटर क्षमता वाली तीन उच्च स्तरीय जलागारों का नगरीय निकाय मंत्री डॉ शिव डहरिया द्वारा जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल एवं सभापति राजेश यादव की मौजूदगी में वर्चुअल लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति अपना आभार जताते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों द्वारा सफेद हाथी बना दी गई योजनाओं को कांग्रेस सरकार ने राशि जारी कर तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने महापौर धीरज बाकलीवाल को शाबासी देते हुए कहा कि निगम में 20 वर्षों बाद कांग्रेस की परिषद आने के बाद सभी कार्यों को बेहद तेजी से निष्पादित किया जा रहा है। जल्द से जल्द मिशन अमृत के 147 करोड़ के कार्य शत प्रतिशत पूर्ण करवा लिया जाए ताकि शहर की सम्पूर्ण आबादी के शुद्ध पेयजल की समस्या का समाधान हो सके व मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप टैंकर मुक्त शहर की ओर कदम बढ़ाया जा सके।
नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया ने अपने संबोधन में दुर्ग शहर की जनता को बधाई देते हुए कहा कि विधायक अरुण वोरा के आग्रह पर कोविड काल मे भी लगातार दुर्ग निगम के लिए विकास कार्यों हेतु राशि जारी की जा रही है आगे भी जैसे जैसे प्रस्ताव भेजे जाएंगे कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने भी शासन से लगातार राशि उपलब्ध करवाने की बात कही। महापौर धीरज बाकलीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन करोड़ की लागत से बनाई गई तीनों पानी टंकियों से वार्ड क्रमांक 19,20,21,22, 09 , 05 एवं 15 के 7 हजार परिवारों की पेयजल समस्या का निराकरण होने जा रहा है। जिससे दोनों टाइम लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा। वर्चुअल लोकार्पण के दौरान शहर अध्यक्ष गया पटेल, निगम आयुक्त हरेश मंडावी, जल कार्य प्रभारी संजय कोहले, एमआईसी अब्दुल गनी, दीपक साहू, अनूप चंदनिया, राजकुमार नारायणी,अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार, अजय गुप्ता, अंशुल पांडेय, रत्ना नारमदेव, कृष्णा देवांगन, अमित देवांगन, उषा ठाकुर सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।