नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण राहत के साथ चिंता भी दे रहा है। एक ओर 26 दिन बाद देश में नए संक्रमितों की संख्या 3 लाख से कम रही वहीं दैनिक मौतों की संख्या 4 हजार के ऊपर रही। बीते 24 घंटों के दौरान देश में 2 लाख 81 हजार 683 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। पिछले 26 दिनों में यह पहली बार है, जब एक दिन में 3 लाख से कम नए संक्रमितों की पहचान हुई है। इससे पहले 20 अप्रैल को कोरोना के 2.94 लाख नए केस सामने आए थे। कोरोना की वजह से होने वाली मौतों की रफ्तार थम नहीं रही है। का बीते 24 घंटों में 4,092 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात ये रही कि इस दौरान 3 लाख 78 हजार 388 लोगों ने कोरोना को मात भी दी। यह एक दिन में ठीक होने वालों का दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 8 मई को 3.86 लाख लोग कोरोना से ठीक हुए थे।
इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों के आंकड़े में रिकॉर्ड एक लाख 846 की कमी हुई। यह देश में महामारी की शुरुआत के बाद से एक्टिव केस में होने वाली सबसे बड़ी गिरावट है। फिलहाल देश में 35 लाख 12 हजार 660 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2.49 करोड़ के पार पहुंच गई है। वहीं मौतों का कुल आंकड़ा 2.74 लाख से अधिक हो गई है। स्वस्थ्य हो चुके मरीजों की संख्या 2.11 करोड़ तक पहुंच गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने जानकारी दी कि बीते 24 घंटे में देश में 15,73,515 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ। अबतक 31,64,23,658 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।