नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। प्रतिदिन कोरोना के नए मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। लगातार बढ़ते मरीजों के चलते स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3 लाख 54 हजार 533 नए संक्रमित सामने आए। यह दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस दौरान 2,806 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई। यह दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले नए कोरोना मरीज और कोविड से होने वाली मौतों की सबसे अधिक संख्या है। राहत की बात ये है कि रिकवर होने वाले लोगों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में 2 लाख 18 हजार 561 लोगों ने कोरोना को मात दी। फिलहाल देश में 28 लाख 7 हजार 333 मरीज हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
बीते 24 घंटों में 14 राज्यों में 10 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 66,191 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद कर्नाटक और यूपी में 34 हजार से ज्यादा, केरल और दिल्ली में 22 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। तमिलनाडु, बंगाल, राजस्थान ऐसे राज्य हैं, जहां यह संख्या 15 हजार से ज्यादा है। चुनावी राज्य बंगाल में तो एक दिन में 15,889 मरीजों का नया रिकॉर्ड बन गया है। गुजरात और तेलंगाना में भी रविवार को पुराने रिकॉर्ड टूट गए। उत्तर प्रदेश 35,311 नए संक्रमित पाए गए। 25,633 मरीज रिकवर हुए और 206 लोगों की मौत हो गई। राजधानी दिल्ली में 22,933 नए केस सामने आए। 21,071 लोग ठीक हुए और 350 की मौत हो गई। गुजरात में 14,296 नए संक्रमित मिले। 6,727 लोग रिकवर हुए और 157 की मौत हो गई। मध्यप्रदेश में 13,601 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 11,324 लोग ठीक हुए और 92 की मौत हो गई।