नई दिल्ली (एजेंसी)। पुलिस ने टूलकिट मामले में 22 साल की पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। इसका किसान और कांग्रेस नेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक निहत्थी लड़की से सरकार डर गई। राहुल गांधी, शशि थरूर और अरविंद केजरीवाल ने भी दिशा की गिरफ्तारी का विरोध किया है। वहीं भाजपा सांसद पीसी मोहन ने तंज कसते हुए कहा कि बुरहान वानी भी 21 साल का था। अजमल कसाब भी 21 साल का ही था। उम्र केवल एक संख्या है। इसके अलावा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सरकार कार्यकर्ता को निशाना क्यों बना रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने सरकार से पूछा है कि क्या किसानों के समर्थन वाली टूलकिट भारतीय सीमा में चीनी घुसपैठ से ज्यादा खतरनाक है? पुलिस ने दिशा को ग्रेटा थनबर्ग द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में शेयर की गई टूलकिट के मामले में रविवार को गिरफ्तार किया है। ग्रेटा ने कुछ दिनों पहले अपने ट्वीट के साथ एक टूलकिट शेयर की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि दिशा ने ही उसे सर्कुलेट किया था।