रिसाली। कोरोना के लिहाज से संवेदनशील बन चुके दुर्ग में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देश पर डोर टू डोर सर्वे कराया जा रहा हैं। इसका मुख्य उद्देश्य वृद्ध और संभावितों की सूची बनाकर कोरोना जांच करना हैं। रविवार व सोमवार को अपर कलेक्टर व रिसाली नगर पालिक निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने क्षेत्र में चलने वाले कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे निगम के कर्मचारियों के साथ घर-घर पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में 25 हजार घरों का लक्ष्य बनाकर आयुक्त के निर्देश पर रिसाली निगम क्षेत्र में सर्वे कार्य शुरू किया गया था। बाद में शासन द्वारा गाइड लाइन में संशोधन किए जाने पर सर्वे नए सिरे से शुरू किया गया। इस कार्य में निगम के कर्मचारी घर-घर पहुंचे। 8 दिनों तक लगातार चले सर्वे में निर्धारित प्रोफार्मा को भरने कर्मचारी 19938 घरों तक पहुंचे और जानकारी एकत्र की।
शासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया था कि कोरोना के लिहाज से ऐसे व्यक्तियों कि अलग से सूची बनाएं जो 60 की उम्र पार कर गए हैं। साथ ही ऐसे लोगों को सूचीबद्ध किया गया है जो गंभीर बीमारी जैसे ब्लडपे्रसर व शुगर, हृदय रोग, किडनी की बीमारी, एचआईवी पॉजिटिव, लीवर संबंधी व क्षय रोग से ग्रस्त हैं। बीमारी की वजह से शरीर का रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से ऐसे लोगों की सूची अलग से बनाई गई और उनका कोरोना जांच भी कराया गया हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य नए कोरोना संक्रमितों की तलाश करना था। संभावित मिलने पर जांच के लिए सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजा गया। जांच रिपोर्ट में 7 संक्रमित होने का खुलासा होते ही संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रख उपचार शुरू किया गया हैं। साथ ही आस पास के क्षेत्र को सेनेटाइज किया गया।