भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के केएलसी में बीती रात मुखबिरी के शक में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट के तीन लोगों ने पति व पत्नी की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल दंपति व उनके बेटे को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पति पत्नी की मौत हो गई। मामले में खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले मे एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं माता पिता की मौत के बाद उनके दो बच्चे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
खुर्सीपार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार रात करीब 9.30 बजे की बताई जा रही है। केएलसी निवासी राजेश अवस्थी व माधवी अवस्थी का विवाद आकाश शर्मा उर्फ गोली उनके परिवार से था। दरअसल लॉकडाउन के दौरान शराब की अवैध बिक्री के आरोप में माधवी अवस्थी के खिलाफ आबकारी एक्ट की कार्रवाई हुई थी। इसके कारण महिला को जेल जाना पड़ा था। कुछ दिन पहले ही महिला जेल से छुटी है। इन्हे शक था कि आकाश शर्मा ने मुखबिरी कर इन्हें फंसाया था। बीती रात राजेश व माधवी अपने बेटे के साथ आकाश शर्मा के घर पहुंचे। मौके पर जगत पाल शर्मा व आशा शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान दोनों गुटों में विवाद हुआ।
आरोपी ने तलवार से किया वार
दोनों गुटो के बीच विवद बढ़ता गया और इस बीच आकाश शर्मा ने घर से तलवार निकाली और दंपति सहित उनके बेटे पर वार कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर खुर्सीपार पुलिस पहुंची और घायल दंपत्ति व उसके बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपी आकाश शर्मा उर्फ गोली, जगतपाल शर्मा व आशा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इधर अस्पताल में घायल दंपति की मौत हो गई। खुर्सीपार पुलिस के मुताबिक पहले भी दोनों पक्षों में कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी है। वहीं आरोपी गोली का कहना है कि राजेश व माधवी व उसका बेटा उसे मारने के लिए दौड़ रहे थे। अपने बचाव के लिए वह घर गया और तलवार लेकर बाहर आया और तीनों पर हमला किया था।