नईदिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 14 लाख को पार कर गई है। महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश व तमिलनाडू देश में कोरोना के केन्द्र बने हुए हैं। कुल मरीजों में 50 फीसदी से अधिक इन तीन राज्यों से मरीज सामने आ रहे हैं। राज्य सरकारें लाख प्रयास कर रही हैं लेकिन कोरोना संक्रमण को रोकने में नाकाम हो रही हैं। पिछले 24 घंटों में देशभर से कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 49,931 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमितों की संख्या में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। वहीं इसमें करीब दस हजार मामले अकेले महाराष्ट्र से हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश में जहां 49,931 नए मामले सामने आए वहीं इस दौरान 708 लोगों ने इस खतरनाक वायरस से अपनी जान गंवाई है। देश में अब तक कुल 14,35,453 लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 9,17,568 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 4,85,114 है। साथ ही इस वायरस से अब तक 32,771 लोगों की मौत हुई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया है कि 26 जुलाई तक कोविड-19 के 1,68,06,803 नमूनों की जांच हुई है, जिसमें से 5,15,472 नमूनों की जांच कल की गई।
महाराष्ट्र में 3 लाख 74 हजार कोरोना संक्रमित मरीज
महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 9,431 नए मामले सामने आए। कुल संक्रमितों की संख्या 3,75,799 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में वायरस ने 267 और लोगों की जान ले ली, जिससे राज्य में मृत्यु का आंकड़ा 13,656 तक पहुंच गया। 6044 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में बीमारी से ठीक हुए लोगों की संख्या 2,13,238 तक पहुंच गई। राज्य में अब 1,48,601 मरीजों का इलाज चल रहा है। इधर राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस अभी थोड़ा कंट्रोल में तो आया है लेकिन खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली में कोरोना के कुल 1,30,606 केस पाए गए हैं। इसमें से 114875 लोग ठीक हो चुके हैं, वहीं 11,904 अभी बीमार हैं। 3827 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं।