लॉकडाउन का पालन करने का दिया संदेश, अनावश्यक घूमने वालों पर लगा जुर्माना
दुर्ग/भिलाई। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले में आज से लॉकडाउन लगाया गया है। 29 जुलाई तक जिले सभी नगरीय निकायों एवं 17 ग्राम पंचायतों में लॉकडाउन शुरू हो गया। लॉकडाउन के पहले दिन आज सुबह जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों को लॉकडाउन का पालन काराने संयुक्त रूप से संदेश दिया गया। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भूरे व एसपी प्रशांत ठाकुर की अगुवाई में एक दर्जन वाहनों के काफिले शहर भर का दौरा किया। प्रशासन का फ्लैगमार्च गली मोहल्लों से भी होकर गुजरा। इस दौरान लाऊड स्पीकर के जरिए लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च का काफिला दुर्ग शहर के सभी प्रमुख बाजारों प्रमुख मार्गो में इंदिरा मार्केट शनिचरी बाजार, तकिया पारा, मोहन नगर, सिकोला भाठा, उरला, कादंबरी नगर, पदमनाभपुर से होता हुआ भिलाई नगर सब रीजन में प्रवेश किया। भिलाई नगर में प्रवेश के बाद प्रशासन का फ्लैग मार्च रिसाली, पंथी चौक , सिविक सेंटर , सेक्टर 6 सेंट्रल एवेन्यू, सुपेला होते हुए होते हुए छावनी सभी प्रमुख बाजारों से होकर गुजरा और खुर्सीपार क्षेत्र में समाप्त हुआ। इस दौरान लाऊड स्पीकर के जरिए बताया गया कि लॉकडाउन अवधि में अपने घरों पर ही रहें एवं नियमों का पालन करें और लॉकडाउन को सफल बनाएं। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि लॉक डाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बेवजह घूमने वालों पर हुई कार्रवाई
लॉकडाउन रिटर्न के पहले दिन से ही पुलिस ने बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की। सभी प्रमुख चौराहों सहित शहर के अंधरूनी हिस्सों में भी पुलिस बल मौजूद रहा। सुबह 10 बजे तक प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए छूट दी हुई थी। 10 बजे के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। नगर निगम की टीम द्वारा अलग अलग क्षेत्रों में घूमकर आवश्यक सेवाओं के लिए अनुमति प्राप्त दुकानों के निर्धारित समयावधि के बाद भी खुली रहने पर कार्रवाई की गई। वहीं यातायात विभाग द्वारा निर्धारित प्वाइंट पर चेकिंग की गई। इस दौरान बेवजह घूमने वालों पर जुर्माना लगाया।
घूमने के लिए तरह तरह के बहाने
बेवजह घूमने वाले लोग यातायात विभाग की कार्रवाई के दौरान तरह तरह के बहाने करते दिखे। यातायात विभाग द्वारा प्रमुख चौराहों पर जांच की जा रही है। इस दौरान लोगों के बहाने भी अलग अलग तरह के हैं। कोई दवा लेने जा रहा है तो कोई सब्जी लेने जा रहा है। 10 बजे के बाद निकले ऐसे लोंगों को पुलिस ने समझाइश देने के साथ ही इनका चालान बनाया। 10 बजे के बाद मेडिकल स्टोर्स, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप को छोड़ शहर के आवश्यक सेवाओं से जुड़ी सभी तरह के दुकानों को बंद करने का निर्देश है इसके बाद भी लोग बेवजह घूम कर लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ाने में मस्त हैं।