नई दिल्ली (एजेंसी)। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को वंदे भारत मिशन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन की वजह से बंद अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को दोबारा शुरू करने को लेकर जानकारी दी। पुरी ने कहा कि कोविड-19 से पहले जितनी घरेलू उड़ानों का संचालन होता था उसका 55 से 60 फीसदी दीवाली तक होने लगेगा।
पुरी ने बताया कि एयर फ्रांस एयरलाइन 18 जुलाई से एक अगस्त तक दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू से पेरिस के लिए 28 उड़ानों का संचालन करेगी। इसके अलावा अमेरिका की एयरलाइंस की 18 उड़ानें 17 से 31 जुलाई के बीच भारत आएंगी।
उड्डयन मंत्री ने कहा कि इसके अलावा जर्मनी की एयरलाइंस ने भी भारत के लिए उड़ानें संचालित करने की अनुमति मांगी है। इस पर काम हो रहा है। बता दें कि देश में कोरोना वायरस के प्रसार के चलते 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा सेवा पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
पुरी ने कहा, ‘हम यह मान कर चल रहे हैं कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रसार से पहले देश में जितनी घरेलू उड़ानों का संचालन हो रहा था उसका करीब 55 से 60 फीसदी उड़ानों का संचालन इस साल दीपावली तक होने लगेगा।
वंदे भारत मिशन को लेकर पुरी ने कहा कि अब तक दो लाख 80 हजार भारतीयों को विदेशों से वापस लाया गया है। दुबई और यूएई से बड़ी संख्या में भारतीय को स्वदेश लाया गया। वहीं, अमेरिका से 30 हजार भारतीयों को इस मिशन के तहत वापस लाया गया है।