भिलाई। पेट्रोल डीजल की कीमतों में इन दिनों लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपनन कंपनियां रोजाना दाम बढ़ा रही है। पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर ट्विनसिटी में भी पड़ा है। दुर्ग भिलाई में पिछले 8 दिनों से लगातार पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। पिछले 8 दिनों में पेट्रोल व डीजल की दरों में लगभग 4 रुपए तक की बढ़ोत्तरी हो गई है। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट के मुताबिक दुर्ग भिलाई में 6 जून के बाद से अब तक पेट्रोल पर 3.75 रुपए व डीजल पर 3.85 रुपए की वृद्धि हुई है।
कोरोना संक्रमण के बीच पेट्रोल डीजल की दरों ने आम लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां लगातार पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सहित दुर्ग भिलाई में दाम बढऩे से आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। आईओसी से मिले आंकड़े के अनुसार 6 जून को भिलाई में पेट्रोल व डीजल की दरें क्रमश: 70.66 रुपए प्रति लीटर व 67.82 रुपए प्रति लीटर थी। वहीं शनिवार को पेट्रोल प्रति लीटर 74.41 रुपए व डीजल प्रति लीटर 71.67 रुपए तक पहुंच गया है। पिछले 8 दिनों में पेट्रोल पर 3.75 रुपए व डीजल पर 3.85 रुपए बढ़ोत्तरी कर दी गई।
ऐसे तय होती है तेल की कीमत
विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। इन्हीं मानकों के आधार पर पर पेट्रोल रेट और डीजल रेट रोज तय करने का काम तेल कंपनियां करती हैं। डीलर पेट्रोल पंप चलाने वाले लोग हैं। वे खुद को खुदरा कीमतों पर उपभोक्ताओं के अंत में करों और अपने स्वयं के मार्जिन जोडऩे के बाद पेट्रोल बेचते हैं। पेट्रोल रेट और डीजल रेट में यह कॉस्ट भी जुड़ती है। देश में पेट्रोल-डीजल पर टैक्स 69 फीसदी हो गया है, जो विश्व में सबसे ज्यादा है। पिछले साल तक भारत में पेट्रोल-डीजल पर 50 फीसदी तक टैक्स था।
इस प्रकार बढ़े पेट्रोल डीजल के दाम
दिनांक डीजल पेट्रोल
6 जून 67.82 70.66
7 जून 68.41 71.25
8 जून 68.98 71.82
9 जून 69.54 72.34
10 जून 69.97 72.72
11 जून 70.55 73.29
12 जून 71.11 73.84
13 जून 71.67 74.41