रायगढ़। सिटी कोतवाली थानाक्षेत्र में आज सुबह एक दिल दहलादेने वाली घटना सामने आई है। आपसी विवाद का खतरनाक अंजाम देखने को मिला। दो परिवारों के विवाद में एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस के डर से भागकर अपने घर की म्यार में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इधर घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं आत्महत्या के मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायल महिला का नाम लक्ष्मी पैंकरा (40) और मृतक हमलावर का नाम दुर्गा प्रसाद डकरवाल (50) पिता कन्हैया लाल है। पुलिस घटना के संबंध में बताया कि लक्ष्मी का पति और मृतक दुर्गा प्रसाद ने मिलकर कुछ दिन पहले एक गाय खरीद कर दूध का बेचने का काम शुरू किया था। व्यापार के बीच दोनों में विवाद शुरू हुआ। इसे लेकर दोनो परिवार के आज सुबह कुछ विवाद हुआ। इस बीच दुर्गा प्रसाद ने क्रोध में आकर दूध दुह रही लक्ष्मी पैंकरा पर लोहे के कत्ते से वार कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई। घटना के बाद जहां घायल महिला को रायगढ़ जिला अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया। वहीं वार करने वाले दुर्गा प्रसाद ने घटना स्थल से भाग कर अपने घर में घुस गया। महिला के परिजनों ने दुर्गा प्रसाद के घर जाकर खूब तोड़-फोड़ की। उक्त हमलावर दुर्गा प्रसाद को एक कमरे में बाहर से बन्द कर पुलिस को खबर कर दिया। जब तक पुलिस घटना स्थल पर पहुंच पाती तब तक दुर्गा प्रसाद ने घबराहट में आकर कमरे को अंदर से बंद कर खुद फांसी पर झुल गया। पुलिस ने पहुंचने के बाद फांसी से शव को उतारा और पंचनामा किया।