मुंबई (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित शहर मुंबई ने अब चीन के वुहान को भी पीछे छोड़ दिया है। मुंबई में कोरोना संक्रमित मामले 51 हजार के आंकड़े को पार कर गए हैं। वहीं कोरोना के पहले मुख्य केंद्र रहे वुहान में कुल 50,340 केस रेकॉर्ड किए गए थे। मुंबई देश का पहला ऐसा शहर है जहां शुरू से संक्रमण के सबसे अधिक मामले रहे। देश की आर्थिक राजधानी में मुंबई में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 51 हजार को पार कर गई है।
पूरे महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 82 हजार 968 हो गई है। राज्य में 37 हजार 390 लोग रिकवर कर चुके हैं। मरने वालों की संख्या 2969 हो गई है। वहीं बात भारत की करें तो देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2 लाख 77 हजार हो गई है। देश में 7745 लोग इस वायरस की वजह से दम तोड़ चुके हैं। मुंबई के बाद देश में दूसरा नंबर दिल्ली का है, जहां 29,943 कोरोना मरीज हो चुके हैं। दिल्ली में भी सोमवार को 62 मौत हुई जबकि गुजरात में 31 और तमिलनाडु में 17 लोगों की जान गई।